विज्ञापन
This Article is From Jun 27, 2025

Rajasthan Politics: क्या झुंझुनूं उपचुनाव की हार को रिपेयर कर पाएगी कांग्रेस के अहम पद पर चोपदार की नियुक्ति

पिछले साल राजस्थान की राजनीति में झुंझुनूं की काफी चर्चा हुई थी जब यहां हुए उपचुनाव में 21 साल बाद बीजेपी ने कांग्रेस को उसके गढ़ में हरा दिया था.

Rajasthan Politics: क्या झुंझुनूं उपचुनाव की हार को रिपेयर कर पाएगी कांग्रेस के अहम पद पर चोपदार की नियुक्ति
एम डी चोपदार राजस्थान मदरसा बोर्ड के चेयरमैन हैं
@mdchopdarinc

Rajasthan News: कांग्रेस आलाकमान ने झुंझुनूं के एक बड़े नेता एमडी चोपदार को राजस्थान कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. चोपदार की नियुक्ति का पत्र 26 जून को पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर शेयर किया जिसमें लिखा है कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तत्काल प्रभाव से महबूब दीवान चोपदार को राजस्थान प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है. उनकी नियुक्ति पर राजस्थान के पार्टी के तमाम बड़े नेताओं ने बधाई दी है और कहा है कि उन्हें मिली इस जिम्मेदारी से पार्टी को मज़बूती मिलेगी.

कांग्रेस में इस महत्वपूर्ण पद पर चोपदार की नियुक्ति को आगामी चुनावों की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है. इनमें खास तौर पर झुंझुनूं और शेखावाटी का क्षेत्र महत्वपूर्ण है.

झुंझुनूं के उपचुनाव में अमित ओला को टिकट देने का विरोध

पिछले साल राजस्थान की राजनीति में झुंझुनूं की काफी चर्चा हुई थी जब राज्य की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ था. इनमें झुंझुनूं सीट भी थी जहां के विधायक बृजेंद्र सिंह ओला के सांसद बनने की वजह से उपचुनाव करवाने पड़े थे. उस उपचुनाव में यहां की सीट को लेकर कांग्रेस के अंदर काफी घमासान मचा था. पार्टी ने बृजेंद्र ओला के बेटे अमित ओला को उम्मीदवार बना दिया था. लेकिन तब खास तौर से पार्टी के मुस्लिम नेताओं ने इसका विरोध किया था. इसका नेतृत्व एमडी चोपदार कर रहे थे.

मुस्लिम न्याय मंच के झंडे तले एमडी चोपदार ने उपचुनाव में टिकट को लेकर कांग्रेस वॉररूम के बाहर प्रदर्शन किया था. तब उन्होंने कहा था कि आजादी के बाद से ही मुसलमान झुंझुनू में कांग्रेस को वोट देता आ रहा है, लेकिन अब मुस्लिम समाज से ही किसी नेता को टिकट दिया जाना चाहिए चाहिए. 

फूट का फायदा बीजेपी को

दरअसल झुंझुनूं विधानसभा सीट पर मुस्लिम और जाट मतदाता अच्छी खासी संख्या में हैं. वहां जाट मतदाताओं की संख्या करीब 70 हजार के आसपास  और मुस्लिम मतदाताओं की संख्या भी 68 हजार है. लेकिन, इस सीट पर लंबे समय से ओला परिवार का कब्जा रहा है. आखिरकार पिछले उपचुनाव में भी ओला परिवार को ही टिकट मिला लेकिन इसे लेकर पार्टी में फूट की खबरें आने लगीं.

कांग्रेस के अंदर फूट का फायदा बीजेपी को मिल गया और 21 सालों के बाद झुंझुनूं में कमल खिल गया. इस उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार राजेंद्र भाम्बू ने अमित ओला को 42,000 से ज़्यादा मतों से हराकर कांग्रेस के मज़बूत गढ़ में सेंध लगा दी. अब एमडी चोपदार को पार्टी में एक अहम जिम्मेदारी देकर पार्टी आलाकमान शायद अपने किले को फिर से मज़बूत बनाना चाहते हैं.

ये भी पढ़ें-: Rajasthan Politics: किरोड़ी लाल मीणा के छापेमारी की चर्चा दिल्ली तक, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कह दी बड़ी बात

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close