विज्ञापन
This Article is From Apr 26, 2024

Weather Update: मतदान के बीच राजस्थान में आंधी-बारिश और ओले ने मचाई तबाही, आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत; Alert

Weather Update: राजस्थान में दूसरे चरण के वोटिंग के दौरान आंधी-बारिश ने तबाही मचा दी. अकाशीय बिजली गिरने से चित्तौड़गढ़ में 3 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग झुलस गए. वहीं प्रतापगढ़ में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई.

Weather Update: मतदान के बीच राजस्थान में आंधी-बारिश और ओले ने मचाई तबाही, आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत; Alert
प्रतीकात्मक तस्वीर.

Weather Update: राजस्थान में दूसरे चरण के मतदान के दौरान मौसम पूरी तरह से बदल गया. 26 अप्रैल को आंधी के साथ तेज बारिश हुई. आकाशीय बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई. चितौड़गढ़, बूंदी, उदयपुर, प्रतापगढ़ और कोटा के आसपास क्षेत्र में दोपहर बाद मेघ गर्जन के साथ बारिश हुई. 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली. इसके अलावा अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा.  

चित्तौड़गढ़ में 3 की मौत और 4 लोग झुलसे

आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग झुलस गए. घटना के बारे में जानकारी देते हुए डाबी थाना अधिकारी अनिल जोशी ने बताया कि शुक्रवार को चुनाव ड्यूटी के दौरान गस्त कर रहे थे. उसी समय गुर्जरों की घाटी गांव में बिजली गिरने के हादसे की सूचना मिली. मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को डाबी अस्पताल लेकर आए. डॉक्टरों ने 3 लोगोंं को मृत घोषित कर दिया. हादसे में गंभीर घायल हुए अन्य 4 लोगों को इलाज के लिए रावतभाटा के लिए लेकर चले गए.  थानाधिकारी ने बताया की हादसे में चतरू भील (55) पुत्र अमरा भील, वर्षीय देवा (60 ) पुत्र पेमा भील और सोहन (50) पुत्र कान्हा भील की मौत हो गई. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है.  

मतदान करके लौट रहे थे तभी हुआ हादसा

डाबी थाना अधिकारी अनिल जोशी ने बताया कि हादसे के शिकार सभी लोग शुक्रवार को मतदान करके वापस गांव लौट रहे थे. तभी बारिश शुरू हो गई. पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई. हादसे के बाद लोग मदद के लिए दौड़े.  पुलिस ने तत्काल सभी को गाड़ियों से अस्पताल पहुचाया, जहां 3 की मौत हो गई थी. हादसे में भोजराज, देवालाल, गुली लाल, रूप लाल घायल हो गए.  वहीं प्रतापगढ़ में मतदान देकर लौट रही वेलकी देवी के ऊपर पेड़ गिरने से उसकी मौत हो गई. वेलकी देवी नटेला वजपुरा की रहने वाली थी. आंधी-बारिश की वजह से कई जगह पेड़ गिरने की सूचना है.

सीकर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा 

सीकर में पिश्चिमी विक्षोभ के असर में कमी की वजह से पार 40 डिग्री के पार पहुंच गया. पिछले साल के मुकाबले इस बार पारा 10 दिन की देरी से 40 डिग्री पर पहुंचा. यहां 27 मार्च को ही पारा 39 डिग्री पर पहुंच गया था. लगातार विक्षोभ सक्रिय रहा. इसकी वजह से अप्रैल के पहले तीन सप्ताह में पारा 36 से 37 डिग्री के करीब बना रहा. फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र की मौसम रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया. केंद्र पर बुधवार को अधिकतम तापमान 38.5 और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री था. टोंक में बरसात से मौसम खुशनुमा हो गया. भिनाय और सरवाड़ क्षेत्र झमाझम बारिश के साथ ओले गिरे. बारिश से अजमेर में गर्मी कम हो गई. 


चूरू मौसम अपडेट

चुरू जिले में गर्मी के तेवर बढ़ने लगे है. गुरुवार को धूप तेज रही. दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक गर्मी के कारण सड़कों पर आवागमन कम रहा. पिछले 24 घंटे में तापमान में 1.7 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई. गुरुवार को अधिकतम 40.4 और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री रहा, जबकि इससे पहले बुधवार को अधिकतम 38.7 और न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री रहा. 24 घंटे में अधिकतम 1.7 और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री तक बढ़ोतरी हुई.

यह भी पढ़ें: जयपुर एयरपोर्ट पर बम की सूचना से हड़कंप, ईमेल से मिली सूचना, जांच जारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com