Rajasthan News: राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के सहाड़ा विधानसभा क्षेत्र में नई ग्राम पंचायत नहीं बनने का मुद्दा अब तूल पकड़ता जा रहा है. बासड़ा गांव में रविवार दोपहर आयोजित एक उद्घाटन समारोह के दौरान ग्रामीणों ने खुलकर विरोध जताया. लोगों का कहना है कि लंबे समय से पंचायत गठन की मांग की जा रही है लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं हुआ.
विधायक को झेलना पड़ा विरोध
कार्यक्रम में पहुंचे सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि विरोध की आशंका को देखते हुए विधायक पुलिस प्रशासन के साथ पहुंचे थे. जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ ग्रामीणों ने पंचायत गठन और विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर नाराजगी जतानी शुरू कर दी.
सरपंच का भी हुआ विरोध
गुंदली ग्राम पंचायत के सरपंच और भाजपा मंडल अध्यक्ष शंभूलाल गुर्जर को भी ग्रामीणों ने खरी खोटी सुनाई. लोगों का आरोप है कि बासड़ा को अलग पंचायत बनाने की मांग पर ध्यान नहीं दिया गया. माहौल बिगड़ता देख भाजपा कार्यकर्ता और पुलिस को बीच बचाव करना पड़ा.
कार्यक्रम से पहले ही लौटे नेता
स्थिति को देखते हुए पूर्व सांसद सुभाषचंद्र बेहड़िया उद्घाटन से पहले ही वहां से निकल गए. पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर और सुवाणा की पूर्व प्रधान फूलकंवर चुंडावत भी जाने लगे लेकिन उन्हें रोक लिया गया. हालांकि विरोध बढ़ता देख विधायक पितलिया कार्यक्रम बीच में छोड़कर वापस लौट गए. ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक बासड़ा को अलग ग्राम पंचायत का दर्जा नहीं मिलेगा तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें-