विज्ञापन
This Article is From Nov 03, 2023

नामांकन से पहले झालावाड़ में वसुंधरा राजे का शक्ति प्रदर्शन, लोगों ने लगाए नारे- 'महारानी को CM बनाना है'

Vasundhara Raje Jhalawar Rally: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की कद्दावर नेता वसुंधरा राजे कल झालरापाटन सीट से अपना नामांकन दाखिल करेंगी. इससे एक दिन पहले उन्होंने शुक्रवार को झालावाड़ में कार्यकर्ता सम्मेलन बुलाकर शक्ति प्रदर्शन किया.

नामांकन से पहले झालावाड़ में वसुंधरा राजे का शक्ति प्रदर्शन, लोगों ने लगाए नारे- 'महारानी को CM बनाना है'
नामांकन से एक दिन पहले झालावाड़ में कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे.

Vasundhara Raje Jhalawar  Rally: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को नामांकन से पहले झालावाड़ में कार्यकर्ता सम्मेलन बुलाकर शक्ति प्रदर्शन किया. इस सम्मेलन में वसुंधरा राजे को चाहने वाले हजारों समर्थक जुटे. झालावाड़ जिला वसुंधरा राजे का गढ़ है. वो यहां से 5 बार सांसद और चार बार विधायक रह चुकी हैं. अब 10वीं बार कल यानी कि शनिवार 4 नवंबर को वसुंधरा राजे नामांकन करेंगी. वसुंधरा राजे झालरापाटन  विधानसभा सीट से कल नामांकन करेंगी. उनके नामांकन में भी समर्थकों की भारी भीड़ जुटेगी. इससे पहले शुक्रवार को झालावाड़ में वसुंधरा राजे ने कार्यकर्ता सम्मेलन में स्थानीय लोगों को संबोधित किया.  

गहलोत सरकार पर जमकर साधा निशाना

जनसभा में वसुंधरा राजे ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री पिटारा खोलकर रेवड़ी बांट रहे हैं. चार साल पहले बांटते तो अच्छा होता. अपने बेटे सांसद दुष्यंत की ओर देखते हुए वसुंधरा राजे ने मजकिया अंदाज में कहा कि अब मेरे रिटायरमेंट का समय आ गया है. लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि आपने इन्हें (दुष्यंत) को आंखें दिखाकर, पुचकार कर तैयार कर दिया है. 

नामांकन से एक दिन पहले झालावाड़ में कार्यकर्ता सम्मेलन में मंचासीन पूर्व सीएम वसुंधरा राजे.

नामांकन से एक दिन पहले झालावाड़ में कार्यकर्ता सम्मेलन में मंचासीन पूर्व सीएम वसुंधरा राजे.

लोगों ने लगाए नारे- महारानी को सीएम बनाना है
वसुंधरा से पहले कार्यकर्ता सम्मेलन को अन्य स्थानीय नेताओं ने भी संबोधित किया. इस दौरान सभा स्थल पर मौजूद लोगों की भीड़ नारेबाजी करते दिखे. लोग यह नारा लगा रहे थे कि महारानी साहब को मुख्यमंत्री बनाना है. मालूम हो कि राजस्थान में इस बार हो रहे चुनाव में भाजपा ने अभी तक अपना चेहरा घोषित नहीं किया है. राज्य में बीते दो दशक से वसुंधरा भाजपा की सर्वमान्य नंबर-1 नेता रही हैं. लेकिन उन्हें इस बार वैसा तवज्जो पार्टी से नहीं मिला है. 

वसुंधरा के लिए इस बार का चुनाव बेहद खास

ऐसे में इस बार का चुनाव वसुंधरा के लिए बेहद खास हैं. उन्हें न केवल अपनी जीत बल्कि पार्टी में अपनी हैसियत को फिर से बताने के लिए चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करना होगा. कार्यकर्ता सम्मेलन के बाबत वसुंधरा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि झालावाड़ परिवार के चारों विधानसभा क्षेत्रों झालारापाटन, डग, मनोहरथाना एवं खानपुर की जनता से आशीर्वाद लेने के लिए आज विशाल जनसभा में उपस्थित रहूंगी. जहां आप सभी की उपस्थिति सादर प्रार्थनीय है. आओ, एक बार फिर साथ चलें!

वसुंधरा राजे पिछली तीन चुनाव में झालरापाटन से जीती हैं

वसुंधरा की सभा में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ देखी गई. जो झालावाड़ में उनकी लोकप्रियता को बताने के लिए काफी थी.  मालूम हो कि 2018 में झालरापाटन सीट पर लोगों ने वसुंधरा राजे को 116484 वोट देकर जिताया था. उधर, कांग्रेस उम्मीदवार मानवेन्द्र सिंह को 81504 वोट हासिल हो सके थे, और वह 34980 वोटों से हार गए थे.

इसी तरह वर्ष 2013 में झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी वसुंधरा राजे को जीत हासिल हुई थी, और उन्होंने 114384 वोट हासिल किए थे. इस चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मिनाक्षी चंद्ररावत को 53488 वोट मिल सके थे, और वह 60896 वोटों के अंतर से दूसरे स्थान पर रहे थे.

इससे पहले, झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2008 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी पार्टी के प्रत्याशी मिनाक्षी चंद्ररावत ने कुल 81593 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी, और कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लाल दूसरे स्थान पर रहे थे, जिन्हें 49012 मतदाताओं का समर्थन हासिल हो सका था, और वह 32581 वोटों के अंतर से विधानसभा चुनाव हार गए थे. 

यह भी पढ़ें - 'मैं वसुंधरा राजे को चुनौती देता हूं कि...' CM अशोक गहलोत के ट्वीट ने बढ़ाई हलचल

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com